विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत सेमिनार आयोजित, नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
खरसिया (वनांचल न्यूज़)। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर नगर पालिका परिषद खरसिया द्वारा श्री लखीराम ऑडिटोरियम में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) 2026 के दिशा-निर्देशों, उद्देश्यों एवं प्रभावी क्रियान्वयन विषय पर एक विस्तृत सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।नगर में जन-जागरूकता एवं नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 वार्डों में कुल 56 मोहल्ला समितियों का गठन किया गया है। इसी क्रम में आयोजित इस विशेष जन-जागरूकता अभियान में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, स्व-सहायता समूह (SHG) की दीदियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों को चार प्रकार के डस्टबिन—गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी कचरा एवं ई-वेस्ट—के पृथक्करण तथा उनके उचित उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक निपटान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि “खरसिया बनेगा नंबर-1” और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने, घर-घर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता और जन-सहयोग से ही खरसिया को स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध नगर बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पार्षदगण, SHG की दीदियां, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की शपथ ली तथा स्वच्छता को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
