00 घरों की छतों से देख सकेंगे शहरवासी
रायपुर (वनांचल न्यूज)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रायपुरवासियों को आसमान में रोमांचक नजारे दिखाएगी। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच सारंग टीम के हेलीकॉप्टर रायपुर शहर के आसमान में उड़ान भरेंगे। इस दौरान शहरवासी अपने घरों की छतों से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की रोमांचक झलक देख सकेंगे।

भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने अद्भुत उड़ान कौशल, सटीक समन्वय और साहसिक हवाई प्रदर्शन के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित यह टीम भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का प्रतीक है। आसमान में हेलीकॉप्टरों की यह उड़ान शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम द्वारा एयर शो का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से पहले 30 अक्टूबर को रायपुर शहर के आसमान में हेलीकॉप्टरों की उड़ान के माध्यम से शहरवासियों को भारतीय वायुसेना के अद्भुत उड़ान कौशल की झलक देखने को मिलेगी।
राज्योत्सव के उत्साह के बीच रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना की सारंग टीम की उड़ान शहरवासियों के लिए रोमांच और गौरव का विशेष अवसर होगी।
