रायपुर (वनांचल न्यूज)। त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस द्वारा अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एक दिन में नो-पार्किंग के 527 मामलों में ई-चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है।
यातायात पुलिस द्वारा पुरानी बस्ती, मालवीय रोड, रायपुरा बाजार, महोबा बाजार, शारदा चौक, पचपेड़ी नाका, पंडरी कपड़ा मार्केट, तेलीबांधा बाजार क्षेत्र और तेलघानी नाका सहित शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अभियान के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने, मुख्य मार्गों पर पार्किंग कर यातायात बाधित करने, सड़क के बीच बस रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने तथा सर्विस रोड पर ट्रक एवं भारी वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। एक दिन में 527 मामलों में आईटीएमएस प्रणाली के माध्यम से पीओएस मशीन का उपयोग कर ई-चालान जारी किए गए।
रायपुर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, व्यापारियों, बस संचालकों और भारी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा मुख्य मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित न करें। बसों को सड़क के बीच रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने और सर्विस रोड पर भारी वाहन खड़े करने से भी बचें।
यातायात पुलिस के अनुसार, त्योहारी सीजन के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से राजधानी में सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
