00 विधायक अनुज शर्मा ने मुक्तेश्वर शिव मंदिर में की विशेष पूजा, क्षेत्रवासी बने साक्षी
00 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के का मनाया जश्न
रायपुर (वनांचल न्यूज़)। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का गौरवशाली कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र में भव्य उत्सव मनाया गया।इस ऐतिहासिक अवसर पर धरसीवाँ के विधायक श्री अनुज शर्मा के नेतृत्व में ग्राम चरौदा स्थित प्रसिद्ध मुक्तेश्वर शिव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
विधायक अनुज शर्मा ने पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की निरंतर प्रगति की कामना की।
विधायक श्री शर्मा ने कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपनी नीति बनाकर अंत्योदय की परिकल्पना को साकार किया है। गरीबों को पक्का मकान, हर घर जल, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने सीधे जनता के जीवन को छुआ है। उनके नेतृत्व में भारत रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है और अर्थव्यवस्था विश्व में मजबूत स्तंभ के रूप में उभरी है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को ऐतिहासिक कार्यकाल की पूर्णता पर कोटि-कोटि बधाई और शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
इस गौरवशाली क्षण का साक्षी बनने के लिए ग्राम चरौदा सहित पूरे धरसीवाँ क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर पहुंचे। रुद्राभिषेक के पश्चात आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और लोगों ने प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक कार्यकाल की सराहना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
