मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की संवेदनशील पहल से 48 घंटे में दिव्यांग रनिया सिंह को मिली ट्राई साइकिल

समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, अब आवागमन में नहीं होगी दूसरों पर निर्भरता

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी सोच और जरूरतमंदों तक योजनाओं का त्वरित लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता का संवेदनशील उदाहरण सूरजपुर जिले में सामने आया है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से विकासखंड ओड़गी के ग्राम इन्द्रपुर निवासी दिव्यांग सुश्री रनिया सिंह को आवेदन प्रस्तुत करने के महज 48 घंटे के भीतर ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी गई। मंत्री की संवेदनशील पहल से अब सुश्री रनिया सिंह के लिए आवागमन आसान होने के साथ ही आत्मनिर्भरता की राह भी सुगम हुई है।ग्राम इन्द्रपुर निवासी सुश्री रनिया सिंह पिता मानसाय सिंह, शारीरिक रूप से चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर थी । उनकी समस्या की जानकारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तक पहुंची। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।मंत्री के निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग, सूरजपुर द्वारा आवश्यक प्रक्रिया को त्वरित गति से पूरा किया गया और महज 48 घंटे के भीतर ट्राई साइकिल हितग्राही सुश्री रनिया सिंह को उपलब्ध करा दी गई। इस त्वरित कार्रवाई से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट हुई है।ट्राई साइकिल मिलने पर सुश्री रनिया सिंह और उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब रोजमर्रा के कामों और जरूरी आवागमन के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ट्राई साइकिल उनके लिए सुविधा के साथ आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बनेगी।मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। दिव्यांगजनों सहित समाज के प्रत्येक जरूरतमंद वर्ग को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी भावना के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *