युवा बंदियों के पुनर्वास हेतु जिला जेल सूरजपुर में ‘निश्चय’ कार्यक्रम आयोजित

कलेक्टर ने बंदियों को सुधार गृह की अवधारणा अपनाकर नई शुरुआत करने किया प्रेरित

सूरजपुर (वनांचल न्यूज़)। जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ द्वारा युवा बंदियों के पुनर्वास के उद्देश्य से ‘निश्चय’ कार्यक्रम का आयोजन जिला जेल सूरजपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना एवं उन्हें कौशल विकास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।कार्यक्रम में कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने विचाराधीन बंदियों से संवाद कर उन्हें जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि जेल की चारदीवारी को केवल सजा का स्थान न मानकर उसे सुधार गृह के रूप में विकसित करें। उन्होंने बंदियों को योग, ध्यान एवं काउंसलिंग जैसी गतिविधियों का लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व में सुधार लाने तथा रिहाई के बाद नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि ‘निश्चय’ कार्यक्रम का उद्देश्य युवा बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना, उन्हें शिक्षा एवं कौशल विकास से जोड़ना तथा पुनः अपराध की राह पर जाने से रोकना है। उन्होंने बंदियों से समाज में लौटकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने एवं अन्य युवाओं को भी अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक जेल हिमांशु गुप्ता के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बंदियों को योग, आर्ट ऑफ लिविंग, कानूनी जागरूकता एवं विभिन्न कौशल प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे रिहाई के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें।कार्यक्रम में जेल स्टाफ एवं विचाराधीन बंदी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस पहल से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और वे समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *