कुलदीप निगम स्मृति इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के 22 कप्तानों का सम्मान, हेलमेट पहन सुरक्षित यातायात का संदेश

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत आज टूर्नामेंट में भाग ले रही 22 टीमों के कप्तानों का स्नेहिल मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।समारोह के दौरान पुलिस–पत्रकार समन्वय के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। सभी 22 कप्तानों को हेलमेट प्रदान कर सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर “सुरक्षा ही सच्ची श्रद्धांजलि” का संदेश देते हुए यह संकल्प दोहराया गया कि हेलमेट पहनना जीवन रक्षा का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।स्वर्गीय कुलदीप निगम का असामयिक निधन एक सड़क दुर्घटना में हुआ था। उनकी स्मृति में आयोजित इस पहल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक कुमार शुक्ल एवं सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) गुरुजीत सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि मीडिया समाज का मार्गदर्शक होता है और पत्रकारों द्वारा सड़क सुरक्षा का संदेश आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है। उन्होंने हेलमेट की अनिवार्यता एवं यातायात नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया।समारोह में जिन 22 कप्तानों को हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया, उनमें अनिल पुसदकर, राम अवतार तिवारी, मोहन तिवारी, मृगेंद्र पांडेय, रामेश्वर मिश्रा (आईबीसी 24), पार्थ (एस जर्नो), चंदन साहू (नवभारत), कौशल स्वर्णबेर (दैनिक भास्कर), मोहित सेंगर (डीबी डिजिटल), देवेंद्र द्विवेदी (पत्रिका), संजय बनवासी (हरिभूमि), मनोज सिंह बघेल (लल्लूराम डॉट कॉम), संजीत (स्वदेश), जितेंद्र सिंह दहिया, इम्तियाज अंसारी, रामप्रसाद दूबे, विक्रम साहू, शंभू राही, सरनजीत सिंह तेतरी, ताकेश्वर साहू, निशा द्विवेदी एवं शुभ्रा नंदी शामिल रहे।कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा भारतीय, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा तथा आयोजकगण राजेंद्र निगम, संदीप पुराणिक, वीरेंद्र शर्मा, अशोक दीवान, अख्तर हुसैन और बल्ला तिवारी संतोष साहू की विशेष भूमिका रही।प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि खेल के माध्यम से समाज को सकारात्मक और जिम्मेदार संदेश देना हमारी प्राथमिकता है। कुलदीप निगम की स्मृति में सड़क सुरक्षा का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि हर व्यक्ति सुरक्षित रहे और हर सफर सुरक्षित बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *