जनदर्शन में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं : त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश, विकास कार्यों को दी प्राथमिकता

रायपुर (वनांचल न्यूज)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को अंबिकापुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन के दौरान मंत्री ने प्रत्येक आवेदक से आत्मीय संवाद किया। नागरिकों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव उनके समक्ष रखे।

श्री अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए लोगों की समस्याओं को सीधे समझकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।

श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प को साकार करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी भावना के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जनदर्शन में उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे मंत्री के समक्ष रखने और त्वरित समाधान के लिए दिए गए निर्देशों पर संतोष व्यक्त करते हुए शासन की इस जनसुनवाई व्यवस्था की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *