‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ पहल से जागरूक होगी राजधानी की सुबह, प्रतिदिन सोशल मीडिया पर मिलेंगे साइबर सुरक्षा, यातायात एवं जन-सुरक्षा के संदेश

रायपुर (वनांचल न्यूज)। नागरिकों की सुरक्षा, सतर्कता और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक अभिनव जन-जागरूकता अभियान ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ की शुरुआत की है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आज इस अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत अब राजधानी के नागरिकों की सुबह की शुरुआत केवल सुप्रभात संदेशों से नहीं, बल्कि सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के साथ होगी।

अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ शीर्षक से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इन संदेशों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, ओटीपी और फर्जी लिंक के जरिए होने वाले साइबर अपराध, फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल से बचाव तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, तेज गति से वाहन चलाने से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।

इस पहल में महिला, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। आपातकालीन सहायता, हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों से संबंधित जानकारी साझा कर नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही शहर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा, ताकि समय रहते अपराधों की रोकथाम की जा सके।

इस अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ पहल का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को जागरूक और सतर्क बनाना है, ताकि लोग अपने दैनिक जीवन में सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपनाएं। सजग नागरिक ही सुरक्षित रायपुर की मजबूत नींव हैं।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और मीडिया जगत से इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने तथा जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि सामूहिक सहभागिता से राजधानी को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *