00 विप्र भवन में आयोजित ‘प्रवासी संवाद’ में जुटे प्रबुद्धजन

रायपुर (वनांचल न्यूज)। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे छत्तीसगढ़िया समाज से व्यवस्थित रूप से जुड़ने के लिए छत्तीसगढ़ में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के संबंध में एक पृथक विभाग अथवा संस्था का गठन किया जाना चाहिए। साथ ही विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में प्रवासी अध्ययन को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। यह विचार आज रायपुर के समता कॉलोनी स्थित विप्र भवन में आयोजित ‘प्रवासी संवाद’ कार्यक्रम में प्रमुखता से सामने आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमिटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पियूष कांत पांडेय एवं विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विप्र भवन प्रबंधक समिति के अध्यक्ष श्री नरेंद्र तिवारी ने की।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रवासी छत्तीसगढ़िया बंधुत्व मंच के अध्यक्ष अशोक तिवारी ने कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों से वे प्रवासी अध्ययन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों के जीवन और सामाजिक स्थिति से संबंधित जानकारी एकत्र करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की संख्या, उनकी उपलब्धियों, आवश्यकताओं और छत्तीसगढ़ से उनके संबंधों का व्यवस्थित दस्तावेज तैयार किया जाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के संचालनकर्ता, वैभव प्रकाशन के प्रमुख एवं हिंदी तथा भाषाविज्ञान के प्रख्यात प्रोफेसर श्री सुधीर शर्मा ने कहा कि ‘प्रवासी अध्ययन’ ज्ञान की एक महत्वपूर्ण नई विधा के रूप में विकसित हो रही है। छत्तीसगढ़िया प्रवासी देश-दुनिया में व्यापक रूप से फैले हुए हैं। उनके जीवन, भाषा, संस्कृति, संघर्ष और उपलब्धियों पर शोध से अकादमिक जगत के ज्ञान का विस्तार होगा।

कार्यक्रम में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की सांस्कृतिक भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि छत्तीसगढ़ से विदेश जाने का सिलसिला करीब छह-सात दशक पहले शुरू हुआ। वर्तमान में करीब दस हजार छत्तीसगढ़िया देश के बाहर विभिन्न देशों में रह रहे हैं और अमेरिका में उनकी उल्लेखनीय संख्या है। अमेरिका के अनेक बड़े शहरों में छत्तीसगढ़िया समाज के लोग बड़ी कंपनियों में कार्य कर रहे हैं और अपनी भाषा व संस्कृति को संजोए हुए हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नीरज शर्मा ने प्रवासी जीवन के अपने अनुभव साझा किए। बिलासपुर जिले के चिल्हाटी गांव के निवासी श्री नीरज शर्मा लगभग 25 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और वर्तमान में अटलांटा में डेल्टा एयरलाइंस में कार्यरत हैं। सोशल मीडिया पर वे छत्तीसगढ़ी भाषा में लगातार सक्रिय हैं।
कार्यक्रम में श्री ज्ञानेश शर्मा, सेवानिवृत आईपीएस श्री प्रदीप नारायण तिवारी, सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
