रायपुर (वनांचल न्यूज़)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आज हाईस्कूल (10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए। इस वर्ष 12वीं कक्षा में जिज्ञासु वर्मा ने 98.60% अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 10वीं कक्षा में संध्या नायक, परीरानी प्रधान और अंशुल शर्मा ने 99% अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।12वीं के टॉपर जिज्ञासु वर्मा ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि उनका नाम टॉप टेन में जरूर आएगा, लेकिन पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का उन्हें विश्वास नहीं था। परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही उनका नाम टीवी पर आया, वे और उनके माता-पिता खुशी से झूम उठे और चारों ओर से बधाइयों का तांता लग गया।उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, लक्ष्य निर्धारण और परिवार व शिक्षकों के सहयोग को दिया। जिज्ञासु ने बताया कि परीक्षा नजदीक आते ही उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी और पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। उनका कहना है कि अब इस सफलता से उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिला है और वे भविष्य में कुछ बड़ा करने की इच्छा रखते हैं।
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित: 12वीं में जिज्ञासु वर्मा टॉपर, 10वीं में संध्या नायक, परीरानी प्रधान और अंशुल शर्मा ने किया शीर्ष स्थान साझा
