रायपुर (वनांचल न्यूज )। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धापूर्वक स्मरण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री द्वय यशवंत जैन व डॉ. नवीन मार्कण्डेय और प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी अंबिकापुर के गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि महात्मा गांधी केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार और जीवन दर्शन हैं। उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और स्वदेशी के संकल्प से स्वतंत्रता संग्राम को जन-आंदोलन बनाया। आज देश उनके मार्ग पर चलकर स्वच्छ भारत अभियान और वोकल फॉर लोकल के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और साहस की प्रतिमूर्ति थे। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ मंत्र आज भी देश की सुरक्षा और समृद्धि का मूल आधार है।
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने अंबिकापुर में कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के नैतिक बल से साम्राज्य को झुकाना सिखाया। उनकी ग्राम स्वराज और स्वावलंबन की दृष्टि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में परिलक्षित होती है। शास्त्री जी का जीवन त्याग और दृढ़ निश्चय का संगम था। 1965 के युद्ध में उन्होंने सेना और किसानों का मनोबल बढ़ाकर देश को नई ऊर्जा दी।
प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा कि गांधी जी का जीवन दर्शन मानवीय मूल्यों और सामाजिक समरसता का प्रकाशस्तंभ है। उन्होंने स्वच्छता को ईश्वर भक्ति के समकक्ष माना और अंत्योदय का संदेश दिया। शास्त्री जी का जीवन सार्वजनिक शुचिता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आदर्श उदाहरण है।
