गरबा पंडालों में अश्लीलता पर रोक लगाएगा भारत रक्षा मंच, महापौर को सौंपेगा ज्ञापन

कचहरी चौक हनुमान मंदिर में हुई महिला समिति की बैठक, भारतीय वेशभूषा और तिलक-कलावा अनिवार्य करने का निर्णय

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को भारत रक्षा मंच रायपुर महिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा पंडालों में भारतीय संस्कृति की रक्षा को लेकर बड़े निर्णय लिए गए।

संगठन ने निर्णय लिया है कि नवरात्रि में गरबा के नाम पर अश्लील गानों पर डांस और अमर्यादित वेशभूषा पर पूर्णतः रोक लगाई जाए। इस संबंध में जल्द ही रायपुर नगर निगम महापौर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि गरबा पंडाल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक भक्त को कलावा और तिलक लगाकर ही प्रवेश दिया जाएगा तथा जो भारतीय वेशभूषा में नहीं होगा, उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रेखा शर्मा ने कहा कि नवरात्रि में माता रानी के गरबा के दौरान बेकार के गानों पर नृत्य और गलत वेशभूषा से भक्तिभाव को ठेस पहुंचती है, इसे रोकना अति आवश्यक है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने सहमति जताते हुए कहा कि संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भारत रक्षा मंच संस्कृति की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की। इस अवसर पर विशेष रूप से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रेखा शर्मा, गौ सेवा आयोग के सदस्य राकेश दुबे उपस्थित रहे। इसके अलावा महानगर महिला अध्यक्ष रश्मि जैन, कोषाध्यक्ष मंजुला मंत्री, अन्नपूर्णा शर्मा, संगठन मंत्री सरिता शर्मा, कार्यालय प्रभारी खोमेश्वरी शुक्ला, दीपाली चौधरी, खुशबु शर्मा, हरीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *