अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर रायपुर में जोर-शोर से तैयारियां, 19 मोहल्ला समितियों से लेकर भव्य शोभायात्रा तक होंगे विविध आयोजन : 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

रायपुर (वनांचल न्यूज)। अग्रवाल समाज की आराध्य विभूति एवं समाज के संस्थापक महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5180वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन विविध सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों के साथ किया जाएगा। महोत्सव को लेकर अग्रवाल सभा, रायपुर द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष 4 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

अग्रवाल सभा, रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल एवं महामंत्री मनमोहन अग्रवाल ने अग्रसेन जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। सभा ने कहा कि समाज की वर्षों पुरानी मांग को सम्मान देते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

अग्रवाल सभा, रायपुर के मीडिया प्रभारी श्री योगेश अग्रवाल ने बताया कि 11 अक्टूबर, रविवार को अग्रसेन जयंती महोत्सव का मुख्य आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह में माननीय राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल एवं एडीआर ग्रुप, दिल्ली के चेयरमैन सुशील अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

19 मोहल्ला समितियों में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

अग्रसेन जयंती के पूर्व रायपुर की 19 मोहल्ला समितियों में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं के विजेता मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के परिवारों, बच्चों और युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

4 अक्टूबर को सर्वसमाज के लिए AGRATHON

4 अक्टूबर को सर्वसमाज के लिए AGRATHON – “Vande Mataram, Run For Nation” का आयोजन किया जाएगा। दौड़ का शुभारंभ प्रातः 6 बजे मरीन ड्राइव से होगा। आयोजन में विजेताओं के लिए विभिन्न पुरस्कार रखे गए हैं तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है।

इसी दिन श्री सालासर धाम, छेड़ीखेड़ी में डॉ. कमलेश अग्रवाल के नेतृत्व में सर्वसमाज के लिए विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में 60 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। इसके साथ ही निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

7 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम में जयंती का उद्घाटन

7 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर विभिन्न मोहल्ला समितियों का सम्मान भी किया जाएगा।

8 एवं 9 अक्टूबर को प्रतियोगिताएं, 9 अक्टूबर को महिला सम्मेलन

8 एवं 9 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं 9 अक्टूबर को महिला सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें समाज की महिलाओं की सहभागिता रहेगी।

10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस एवं विशाल कार्निवल

10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान अग्रबंधुओं द्वारा विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। इसी दिन विशाल कार्निवल का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ अग्र बैंड की विशेष प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।

11 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा एवं मुख्य समारोह

11 अक्टूबर को प्रातः 9:30 बजे श्री अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में महाराजा श्री अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना के पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात शाम 6:30 बजे से श्री अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह आयोजित होगा।

मुख्य समारोह में समाज के प्रतिभावान बच्चों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही कवि सम्मेलन एवं लेजर शो भी आयोजित होगा, जो कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे।

आयोजन को सफल बनाने विभिन्न समितियों का गठन

अग्रसेन जयंती महोत्सव को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इनमें जयंती प्रभारी राजेश हेलीवाल, जयंती सह-प्रभारी कैलाश अग्रवाल, चन्द्रभान गुप्ता, संजय अग्रवाल (मावा), दीपक गुप्ता, प्रशांत अग्रवाल, नितेश गोयल, राहुल अग्रवाल, कीर्ति सांघी एवं रितेश अग्रवाल शामिल हैं।

शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सहयोगी सदस्यों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन व्यवस्था, अग्रसेवा दिवस, प्रचार-प्रसार, पूजा समिति, पंडाल एवं बैठक व्यवस्था तथा प्रतिभा प्रोत्साहन समिति सहित विभिन्न समितियां आयोजन की तैयारियों में जुटी हैं।

आयोजन के समन्वय के लिए गठित समिति में जगदीश प्रसाद अग्रवाल, नवल किशोर अग्रवाल, हनुमान प्रसाद अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, कैलाश मुरारका, सतपाल जैन, कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं योगी अग्रवाल शामिल हैं। वहीं अर्थ व्यवस्था समिति में भी विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अग्रवाल सभा ने समाज के सभी वर्गों से अग्रसेन जयंती महोत्सव के विभिन्न आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी के सेवा, सहयोग एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महोत्सव के दौरान सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *