रायपुर (वनांचल न्यूज)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी रायपुर और नया रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अमित शाह आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल और विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेंगे। इससे पहले वे दोपहर 12:55 बजे दिल्ली के 6A, कृष्णा मेनन मार्ग से रवाना होंगे। दोपहर 1:15 बजे पालम स्थित एयरफोर्स टेक्निकल एरिया पहुंचेंगे और 1:20 बजे वहां से रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।
00 पंडरी में अस्पताल का करेंगे लोकार्पण
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अमित शाह सड़क मार्ग से मंडी रोड, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:30 बजे अस्पताल पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां शाम 5 बजे तक लोकार्पण सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
00 पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन
अस्पताल कार्यक्रम के बाद शाम 5:05 बजे अमित शाह नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे उनके वहां पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद शाम 5:35 से 5:45 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का लोकार्पण करेंगे।
00 राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
पीपल वन से शाम 5:50 बजे रवाना होकर अमित शाह शाम 5:55 बजे नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।
समारोह में शामिल होने के बाद रात 8 बजे वे सड़क मार्ग से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने और 8:20 बजे रायपुर से प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान राजधानी रायपुर और नया रायपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे।
