16 एवं 17 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्तगण का अखिल भारतीय सम्मेलन, राज्यपाल द्वारा उ‌द्घाटन

मंथन करेंगे देश के विभिन्न राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्तगण

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया है कि छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 16 एवं 17 सितंबर 2026 को 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन होगा। सम्मेलन का उद्घाटन माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा प्रातः 10.30 बजे किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा किया जा रहा है।
यह सम्मेलन देश के अलग-अलग राज्यों में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता रहा है। इसके पूर्व वर्ष 2014 में भी छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन किया गया था।

देशभर से विभिन्न राज्यों के पधारे राज्य निर्वाचन आयुक्तगण इस सम्मेलन में स्थानीय लोकतंत्र विशेषकर त्रिस्तरीय पंचायतों व नगरीय निकायों को और अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी, विश्वसनीय एवं सहभागी बनाने हेतु निर्वाचन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन में लोकतांत्रिक निर्वाचन विषय से जुड़े प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी, न्यू जर्सी, अमेरिका के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विषय विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे।

अजय सिंह द्वारा यह भी बताया गया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, हैदराबाद एवं भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड, बेंगलूरु के ईलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के विषय विशेषज्ञ भी सम्मेलन में अपने संस्थानों की अद्यतन तकनीकी जानकारी प्रस्तुत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *