डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित : जांच में सामने आए गंभीर आरोप, आदेश जारी

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। छत्तीसगढ़ शासन ने दंतेवाड़ा जिले में तैनात डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गृह विभाग ने जारी आदेश में बताया कि निलंबन का कारण उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच में सामने आए गंभीर आरोप हैं।

जारी आदेश के अनुसार, जांच में यह तथ्य सामने आए कि कल्पना वर्मा ने अपने कर्तव्यों का दुरुपयोग किया, वित्तीय लेनदेन में विरोधाभासी विवरण दिए, और अपने पद का उपयोग कर अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित किया। इसके साथ ही उनके खिलाफ अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने और संवेदनशील जानकारियों के लीक होने से जुड़े आरोप भी हैं। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 के सीधे उल्लंघन में आता है। निलंबन अवधि में डीएसपी वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर रहेगा और उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

बता दें कि डीएसपी कल्पना वर्मा का नाम रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद में भी सामने आया था। इस मामले में अतिरिक्त एसपी स्तर की जांच कर लगभग 1475 पेज की रिपोर्ट शासन को सौंपी गई, जिसमें कई संवेदनशील खुलासे किए गए। रिपोर्ट में डीएसपी वर्मा और दीपक टंडन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट भी शामिल थी, जिसमें पुलिस विभाग से संबंधित खुफिया जानकारी साझा करने का जिक्र था।

छत्तीसगढ़ सरकार ने जांच रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *