तीन राज्यों को नए राज्यपाल और लद्दाख को नया उपराज्यपाल मिला : राष्ट्रपति मुर्मू ने की नियुक्तियों की घोषणा

नई दिल्ली (डेस्क) | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को गोवा, हरियाणा और लद्दाख के संवैधानिक पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है। ये नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू होंगी, जिससे इन राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश में प्रशासनिक नेतृत्व को नया स्वरूप मिला है।

00 लद्दाख को मिला नया उपराज्यपाल

जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे ब्रिगेडियर बी. डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे, जिनका इस्तीफा राष्ट्रपति द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
श्री गुप्ता तीन बार जम्मू नगर निगम के मेयर रह चुके हैं और वर्ष 2018 में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री भी रहे। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े हुए हैं।

00 हरियाणा के राज्यपाल बने प्रोफेसर अशीम कुमार घोष

वरिष्ठ शिक्षाविद एवं भाजपा नेता प्रो. अशीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल निवासी घोष, राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रह चुके हैं। वे 1999 से 2002 तक भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष भी रहे, इस दौरान उन्होंने पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उन्हें त्रिपुरा का पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया था।

00 गोवा के राज्यपाल बनाए गए पुसापति अशोक गजपति राजू

पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) से ताल्लुक रखते हैं और आंध्र प्रदेश विधानसभा के सात बार सदस्य रह चुके हैं।
राजू वर्ष 2014 से 2018 तक केंद्रीय मंत्री रहे और आंध्र प्रदेश में कई बार कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *