कोयलीबेड़ा (वनांचल न्यूज़)। क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर बुधवार 27 मई को कोयलीबेड़ा क्षेत्र के 18 पंचायतों के 68 गांवों के हजारों ग्रामीणों ने विशाल जनआक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बाजार चौक से रैली प्रारंभ कर कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर चक्का जाम करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी व्यक्त की।ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने सात प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन किया। इनमें स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय कोयलीबेड़ा का सुचारू संचालन, जिला सहकारी बैंक की सुविधा उपलब्ध कराना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था मजबूत करना, किसानों के लिए खाद की पर्याप्त पूर्ति सुनिश्चित करना, स्कूल एवं कॉलेज की समस्याओं का निराकरण तथा ब्लॉक मुख्यालय कोयलीबेड़ा को पुनः संचालित किए जाने जैसी मांगें शामिल रहीं।रैली के दौरान ग्रामीणों ने बैनर और नारों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।इस जनआक्रोश रैली में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, किसान, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
68 गांवों के ग्रामीणों का जनआक्रोश फूटा, विभिन्न मांगों को लेकर कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर चक्का जाम
