माता कौशल्या मूर्ति स्थापना के साथ “माता कौशल्या संग तीजा तिहार” का शुभारंभ

रायपुर (वनांचल न्यूज)। चित्रोत्पला लोक कला परिषद द्वारा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा एवं लोक आस्था को समर्पित “माता कौशल्या संग तीजा तिहार” कार्यक्रम का आयोजन 11 से 15 सितंबर 2026 तक माता कौशल्या की नगरी चंदखुरी में किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आज अयोध्या से लाई गई पवित्र मिट्टी से निर्मित माता कौशल्या की मूर्ति की विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ स्थापना की गई। मूर्ति स्थापना का शुभ कार्य प्रसिद्ध लोक गायिका कंचन जोशी तथा उपमन्यु द्वारा संपन्न किया गया।

मूर्ति स्थापना के पश्चात आयोजित प्रथम आरती में न्यायमूर्ति एवं पूर्व लोकायुक्त टी.पी. शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। आरती के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन ठेठरी-खुरमी का प्रसाद वितरित किया गया।

आरती से पूर्व चंदखुरी के महिला मंडल द्वारा भक्तिमय भजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें महिलाओं ने माता कौशल्या की आराधना करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का आयोजन परिषद के निदेशक राकेश तिवारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर नितेश यादव, प्रभा यादव, हेमलाल पटेल, मनीष लैडर और घासी राम वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *