00 सुशासन शिविरों को सफल बनाने बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक
00 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा अनुरूप जनसमस्याओं का मौके पर होगा निराकरण
बसना (वनांचल न्यूज़)। प्रदेश में सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन दिवस जनसमस्या निवारण शिविर’ की तैयारियों को लेकर बसना विधायक कार्यालय में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की, जिसमें मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि सुशासन शिविर केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि किसी भी ग्रामीण को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालते ही गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सुशासन का अर्थ ही है कि सरकारी तंत्र संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करे।विधायक ने सभी मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर शिविरों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग आवेदन कर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि बसना विधानसभा को विकास के मामले में आदर्श क्षेत्र बनाना हमारा संकल्प है।
डॉ. अग्रवाल ने प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों की कड़ी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना एवं महतारी वंदन जैसी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन एवं कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि कैलाशचंद्र अग्रवाल, रामचंद्र अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल, कृष्ण कुमार साहू, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा, जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, आशीष शर्मा, हलधर साहू, नरहरि पोर्ते, अभिमन्यु प्रधान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की शपथ ली।
