गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय: अब 425 रुपए प्रति क्विंटल होगी गन्ने की खरीदी

रायपुर (वनांचल न्यूज )। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। पेराई सत्र 2025-26 में की गई खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली और खेती को लाभकारी बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री से आज भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री श्री मनीष शर्मा, महामंत्री श्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

भेंट के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। चर्चा में गन्ना उत्पादक किसानों का विषय प्रमुखता से सामने आया, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित पहल करते हुए दर बढ़ाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस किसान हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *