रायपुर (वनांचल न्यूज़) । पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर की पहल पर प्रतिमाह ‘कॉप ऑफ द मंथ’ पुरस्कार दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिस बल में कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचान देना और अन्य कर्मियों को प्रेरित करना है।
इसी क्रम में अप्रैल 2026 माह के लिए नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 9 अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, त्वरित कार्रवाई, अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के आधार पर ‘कॉप ऑफ द मंथ’ के लिए चुना गया।
सम्मानित होने वालों में थाना गुढ़ियारी से निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक प्रमोद कतलम चौकी प्रभारी रामनगर एवं आरक्षक 2576 सुदीप मिश्रा, थाना खम्हारडीह से प्रधान आरक्षक 353 देवेन्द्र कुमार ध्रुव व महिला प्रधान आरक्षक 1773 खेमिन साहू, थाना खमतराई से आरक्षक 2389 ताराचंद दीवान, थाना उरला से आरक्षक 2165 नरेश प्रधान तथा थाना पंडरी से महिला प्रधान आरक्षक 29 कांती देवी गायकवाड़ शामिल हैं।
इन सभी ने अपने थाना क्षेत्रों में अपराध की रोकथाम, आरोपियों की गिरफ्तारी, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सहायता में सराहनीय योगदान दिया है। इनके कार्यों से क्षेत्र में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है।
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद ईनाम देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य पुलिस कर्मियों से भी इसी प्रकार समर्पण और निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
