रेलवे सैलरी पैकेज योजना का संवेदनशील उदाहरण: स्वर्गीय कर्मचारी के परिवार को 10 लाख रुपये की बीमा सहायता भुगतान आदेश (चेक) प्रदान किया गया

गौरेला (वनांचल न्यूज़)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के पूर्व ट्रैक मेंटेनर स्वर्गीय शिवा सिंह मरावी की 20 फरवरी 2026 को सड़क दुर्घटना में हुई आकस्मिक मृत्यु के उपरांत रेलवे सैलरी पैकेज खाते से प्राप्त बीमा/दुर्घटना लाभ के अंतर्गत उनकी पत्नी मुन्नी मरावी को 10 लाख रुपये की सहायता राशि का भुगतान आदेश (चेक) प्रदान किया गया।22 जून 2026 को आयोजित एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम में सहायक मंडल अभियंता मृत्यंजय मोहन ने मुन्नी मरावी को 10 लाख रुपये का भुगतान आदेश सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत शिवा सिंह मरावी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।कार्यक्रम में मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक राहुल मजूमदार, SECRMC के ज़ोनल प्रभारी लक्ष्मण राव, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लीड बैंक मैनेजर बघेल तथा एसबीआई के सैलरी मैनेजर अंकुश गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।अधिकारियों ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों के लिए संचालित रेलवे सैलरी पैकेज खाते के अंतर्गत मिलने वाली बीमा सुरक्षा विपरीत परिस्थितियों में कर्मचारियों के आश्रित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक संबल साबित होती है। निर्धारित प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर स्वर्गीय कर्मचारी के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें कठिन समय में आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा।रेलवे प्रशासन ने दोहराया कि कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता निरंतर बनी हुई है। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि यह आर्थिक सहायता स्वर्गीय कर्मचारी के परिवार के लिए कठिन परिस्थितियों में एक महत्वपूर्ण सहारा सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *