गौरेला (अजीत गहलोत)। स्वर सम्राट मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर रियल म्यूजिक लवर ग्रुप, गौरेला द्वारा आयोजित “रफ़ी नाइट” संगीत संध्या ने शहरवासियों को यादगार शाम का तोहफा दिया। रफ़ी साहब के सदाबहार गीतों से सजी इस सुरमयी महफ़िल में स्थानीय कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि देर रात तक श्रोता गीत-संगीत की रसधारा में डूबे रहे। कार्यक्रम में कलाकारों ने न केवल महान गायक मोहम्मद रफ़ी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर संगीत संस्कृति को नई ऊर्जा भी दी।कार्यक्रम का शुभारंभ रफ़ी साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। संगीत शिक्षक रमेश प्रधान एवं उनके पुत्र ऋषभ प्रधान की युगलबंदी में प्रस्तुत “दर्द-ए-दिल” ने खूब तालियां बटोरीं। ग्रुप के संयोजक संजय राजपूत ने “दिल का सुना साज़ तराना ढूंढेगा” और “तेरी आँखों के सिवा दुनिया में रखा क्या है” प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।शनि श्रीवास्तव ने शास्त्रीय राग आधारित “अजहुँ न आए बालमा, सावन बीता जाए” की शानदार प्रस्तुति दी, जबकि साजन पाठक ने “रंग और नूर की बारात” को अपने मधुर स्वरों से सजाया। पंकज जैन ने “परदा है परदा” गाकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। अभिजीत पाठक ने “वादियां मेरा दामन”, प्रदीप वैष्णव ने “मेरे दोस्त किस्सा ये क्या हो गया”, मोहन गुप्ता ने “लिखे जो खत तुझे” तथा रूपेश गुप्ता ने “क्या हुआ तेरा वादा” प्रस्तुत कर महफ़िल में चार चांद लगा दिए।इसके अलावा पूजा पाठक,विकास त्यागी, चित्ररेखा, प्रिया बर्मन, सिल्विया गिरि, योगेश तिवारी, श्रीकांत चतुर्वेदी, पियूष गुप्ता, मदन सोनी और शारदाचरण पंसारी ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।कार्यक्रम का प्रभावी संचालन संजय सिंह राजपूत एवं अनुजा श्रीवास्तव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में नगर के अनेक प्रतिष्ठानों और समाजसेवियों ने सहयोग दिया, जिनमें साक्षी स्पोर्ट्स, काव्या पेट्रोल पंप, हिन्दुस्तान मोटर्स, अम्बे टाइल्स, कपिलधारा मिनरल वाटर, धन्वंतरि केमिकल्स, बाबा बेकरी एंड रेस्टोरेंट, महफिल वेज रेस्टोरेंट, राधा लेडीज़ कॉर्नर, राघव मेडिकल एजेंसी, श्री तुलसिका कलेक्शन, लम्बोदर मेन्स वियर और मैक्स ऑप्टिकल स्टोर्स सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे। समीर आईच, विनोद साहू और निलेश साहू ने भी व्यक्तिगत सहयोग प्रदान किया।कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह ठाकुर, मथुरा सोनी, उपेंद्र बहादुर सिंह, बृजलाल सिंह राठौर, रोशनी शर्मा, हेमंत जगत्यानी, रचना त्यागी, जयदीप जैन, लखन साहू, अजीत गहलोत, सुरेंद्र ताम्रकर, शरद अग्रवाल, शंकर साहू, उमेश अग्रवाल, इंद्रेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।रियल म्यूजिक लवर ग्रुप के इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि गौरेला की धरती पर संगीत के प्रति प्रेम और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का जज़्बा लगातार मजबूत हो रहा है।
रफ़ी के अमर नग़मों से गूंजा गौरेला, सुरों की महफ़िल में देर रात तक झूमते रहे संगीत प्रेमी
