एसडीएम नंदकुमार चौबे ने 10वीं बोर्ड परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रायपुर (वनांचल न्यूज़)।आगामी 10वीं बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर के एसडीएम नंदकुमार चौबे ने पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल, माना कैंप रायपुर स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान चौबे ने परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्राध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।एसडीएम चौबे ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, सभी कक्षाओं में स्वच्छता बनी रहे तथा छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी, वेंटिलेशन तथा बैठने की दूरी का भी निरीक्षण किया और कोविड-उपयुक्त व्यवहार सहित स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने केंद्र परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही पर नियंत्रण रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।चौबे ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए प्रशासन का दायित्व है कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के प्रत्येक दिवस पूर्व समुचित समीक्षा कर व्यवस्थाओं का पुनः परीक्षण करें, ताकि परीक्षा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *