BREAKING NEWS :- कल राजभवन में 10:30 बजे 3 मंत्री लेंगे शपथ: इनमें खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, गजेंद्र यादव का नाम, नए चेहरों को मंत्रिमंडल में मौका

रायपुर (वनांचल न्यूज़) | छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म होता दिख रहा है। राजभवन में 20 या 21 अगस्त को होने वाले इस विस्तार में दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल शपथ ले सकते हैं। तीनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की है। इस मंत्रिमंडल विस्तार में नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना पहले से जताई जा रही थी और जो तीन विधायक ने सीएम से मिलकर आए हैं, वह पहली बार ही विधायक बनकर आए हैं। ऐसे में कई वरिष्ठ नेताओं को साइड लाइन कर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। इससे पहले सोमवार की शाम वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी, जिसने कई चर्चाओं को जन्म दे दिया, हालांकि अमर अग्रवाल ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि इस मुलाकात के लिए उन्होंने दस दिन पहले ही समय मांगा था।छत्तीसगढ़ में अभी 10 मंत्री हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद बनने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके चलते वह एक पद रिक्त पड़ा है। वहीं एक एक मंत्री पद पहले से खाली रखा गया था, जिसे परफॉर्मेंस के आधार पर एक विधायक को देना था। विष्णुदेव साय सरकार को डेढ़ साल से ज्यादा समय हो गया है। जिसके बाद अब पहली बार मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के नाम मंत्री पद को लेकर तब चर्चा में आए, जब कैबिनेट विस्तार की खबरों के बीच सोमवार रात तीनों विधायकों ने सोमवार रात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।उसके बाद तय माना जा रहा है कि तीनों विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए छत्तीसगढ़ मंडपम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं वरिष्ठ विधायकों को साइट लगाए जाने की चर्चा भी जोरों पर चल रही है।

00 लागू होगा मुख्यमंत्री सहित 14 मंत्रियों का फॉर्मूला

राजनीतिक पंडित बता रहे हैं कैबिनेट विस्तार में तीन मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ यह तय माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में हरियाणा की तर्ज पर अब 14 मंत्री होंगे। साय कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। छत्तीसगढ़ की तरह हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा की भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ में राज्य बनने के बाद से मुख्यमंत्री सहित 13 मंत्री ही बनते आए हैं। नियम के तहत 90 विधायकों में 13 मंत्री बन सकते हैं, इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।

00 विदेश दौरे पर जाएंगे CM विष्णुदेव साय

बता दें कि मुख्यमंत्री साय ने 17 अगस्त को राज्यपाल से मुलाकात की थी, उसके बाद साय ने मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए थे। मुख्मयंत्री 21 अगस्त से विदेश प्रवास पर रहेंगे। माना जा रहा था कि उससे पहले कभी भी मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाएगा। सोमवार देर रात स्पष्ट हुआ कि 20 अगस्त को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। आज मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक भी हुई है, जिसमें कई मुद्दों पर मंत्रणा की गई है। नए मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा होने और नए मंत्रियों को विभाग बांटे जाने को लेकर भी कैबिनेट में चर्चा किए जाने की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *