रायपुर मंडल के 18 रेलकर्मी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, ₹8.19 करोड़ से अधिक का सेवानिवृत्ति भुगतान

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत रेल परिवार के 18 सदस्यों ने जून 2026 में अपनी गौरवपूर्ण रेल सेवा पूर्ण करने के उपरांत 30 जून 2026 को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में मंडल रेल प्रबंधक दयानंद, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल गर्ग, सहायक कार्मिक अधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिजन, कल्याण निरीक्षक, बंदोबस्त अनुभाग के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।सेवानिवृत्त होने वाले 18 कर्मचारियों में यांत्रिकी विभाग के 7, इंजीनियरिंग विभाग के 5, परिचालन विभाग के 2, विद्युत विभाग के 3 तथा वाणिज्य विभाग के 1 कर्मचारी शामिल हैं।समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति भुगतान प्रमाण-पत्र प्रदान किए। ई-पेमेंट के माध्यम से कर्मचारियों को कुल ₹8,19,71,828 की सेवानिवृत्ति राशि का भुगतान किया गया। साथ ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), सेवानिवृत्त कर्मचारी पहचान-पत्र तथा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के पास कार्ड भी प्रदान किए गए।अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक दयानंद एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल गर्ग ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके लंबे एवं समर्पित सेवाकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन कर रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, परिवार एवं रिश्तेदारों के साथ सुखद एवं आनंदमय जीवन व्यतीत करने तथा सेवानिवृत्ति पर प्राप्त राशि का विवेकपूर्ण एवं सुरक्षित निवेश करने की सलाह दी। अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *