रायपुर (वनांचल न्यूज)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। उन्होंने स्टेट गेस्ट हाउस पहुना में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए जातिगत जनगणना पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर हमारी नीयत साफ नहीं है तो क्या नाना पाटोले की नीयत साफ है।

उन्होंने कहा कि पहले यही लोग मांग कर रहे थे कि जाति के आधार पर जनगणना हो, और अब जब सरकार ने जनगणना का काम शुरू किया है तो उल्टा-सीधा बोल रहे हैं। सबको बोलने का अधिकार है, किसी का मुंह बंद नहीं कर सकते। चुनाव में जनता ऐसे लोगों का मुंह बंद करेगी।
केंद्रीय मंत्री अठावले ने कहा कि मैं जब कांग्रेस पार्टी में था तब भी जातिगत जनगणना की मांग करता था। हमारी सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। हमने केवल ओबीसी ही नहीं बल्कि भारत में रहने वाले हर जाति के लोगों की जनगणना करने का निर्णय लिया है। इससे पता चल पाएगा कि अलग-अलग जातियों की जनसंख्या कितनी है, परिवार में कितने सदस्य हैं, कितने लोग बेरोजगार, भूमिहीन, मजदूर, उद्योगपति या बड़े किसान हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में कई बार सवाल उठा लेकिन कभी निर्णय नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार जातिगत जनगणना की मांग कर रहे थे, लेकिन जब कांग्रेस की सरकार थी तब जनगणना नहीं कराई गई। अब जब भाजपा सरकार यह काम कर रही है तो मंशा पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को हर संभव मदद कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ट्राइबल समाज के नेता को मुख्यमंत्री बनाया है, यह बड़ी खुशी की बात है। नए बजट में छत्तीसगढ़ के लिए 50427 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे वित्तीय क्षमता और विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।
