उरला में 15 लाख की ट्रक चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार : आरोपी के कब्जे से ट्रक बरामद

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। उरला क्षेत्र में खड़ी 15 लाख रुपये की ट्रक चोरी करने वाले आरोपी को थाना उरला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ट्रक बरामद कर ली गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसकेएस इस्पात प्रा. लि. में इलेक्ट्रिकल इंचार्ज मनीराम यादव ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका हाईवा ट्रक क्रमांक CG/07/CA/5157 चालक बजरंगबली मौर्या चलाता है। 20 जून 2026 की शाम 7 बजे चालक ने ट्रक को जे.ए. फ्यूल्स के पास उरला में खड़ा किया था। 21 जून की सुबह 9 बजे मौके पर जाने पर ट्रक गायब मिला। आसपास तलाश करने पर भी वाहन नहीं मिला।

इस पर थाना उरला में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 284/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

ट्रक चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा ने अज्ञात आरोपी की जल्द पतासाजी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी व चालक से विस्तृत पूछताछ की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तैनात किए गए।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उरला निवासी खिलावन पात्रे को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चोरी की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी खिलावन पात्रे पिता पुन्नु राम पात्रे, उम्र 29 साल, निवासी अटल निवास कॉलोनी पठरीडीह, थाना उरला, रायपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की ट्रक, जिसकी कीमत लगभग 15,00,000 रुपये है, जप्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *