कार्डियक अरेस्ट में शुरुआती मिनट बेहद अहम, समय पर CPR से बच सकती है जान, अंबेडकर अस्पताल में मरीजों-परिजनों को दिया गया प्रशिक्षण

रायपुर (वनांचल न्यूज)। कार्डियक अरेस्ट यानी अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में मरीज के अचानक बेहोश होने और सामान्य रूप से सांस न लेने की स्थिति को पहचानकर तुरंत आपातकालीन सहायता लेना और जरूरत पड़ने पर CPR शुरू करना जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

इसी उद्देश्य से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित एसीआई के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से मरीजों और उनके परिजनों के लिए CPR प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता देने की व्यावहारिक जानकारी दी।

00 CPR की तकनीक का दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को छाती पर सही स्थान पर उचित तरीके से दबाव देने, CPR की प्रक्रिया, मरीज की स्थिति पहचानने और समय पर आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेने के बारे में बताया गया। CPR तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, ताकि आपात स्थिति में मरीज के आसपास मौजूद लोग घबराने के बजाय सही तरीके से प्राथमिक सहायता दे सकें।

00 हर मिनट महत्वपूर्ण: डॉ. देवप्रिया

मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. देवप्रिया लकड़ा ने कहा कि कार्डियक अरेस्ट में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। समय पर शुरू किया गया CPR रक्त संचार बनाए रखने में मदद करता है और चिकित्सा सहायता मिलने तक मरीज के जीवन को बचाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

00 शुरुआती मिनटों में तुरंत कार्रवाई जरूरी

कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। मरीज के अचानक बेहोश होने और सामान्य रूप से सांस न लेने की स्थिति को पहचानना, तत्काल आपातकालीन सहायता के लिए सूचना देना और आवश्यकता होने पर CPR शुरू करना जरूरी है।

00 डॉक्टर और मेडिकल छात्र भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अंबेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. देवप्रिया लकड़ा, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव समेत अन्य चिकित्सक और चिकित्सा छात्र मौजूद रहे। कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को कार्डियक अरेस्ट जैसी आपात स्थिति में CPR की प्राथमिक जानकारी देना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *