रायपुर (वनांचल न्यूज़)। बोरिया खुर्द स्थित आरडीए कॉलोनी के प्रांजल जीनियस पब्लिक स्कूल में करुणा क्लब के बच्चों ने दीपावली के अवसर पर एक प्रेरणादायक और सुंदर गतिविधि का आयोजन किया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए तरह-तरह के सुंदर दीपक बनाए और उन्हें सजाया। इसके बाद बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘हैप्पी दीपावली’ का संदेश दिया।इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता से सबको हैरान कर दिया। किसी ने छोटी मटकी और दीपक को मिलाकर महिला का आकार दिया, तो किसी ने राधा की आकृति गढ़ी। वहीं, कुछ बच्चों ने मोर और पांच दीपकों को जोड़कर खूबसूरत आकृतियां बनाईं।


खास बात यह रही कि बच्चों ने इन दीपकों को सितारों, दालों और इलायची से सजाया। विद्यालय परिसर में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।इस आयोजन का सबसे खास पहलू यह रहा कि इसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदायों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी प्रेम व सद्भावना का एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेखा शर्मा ने इस मौके पर कहा, “हमारे विद्यालय के सभी बच्चों में एक-दूसरे के धर्म के प्रति आदर और सम्मान की भावना कूट-कूट कर भरी है। बच्चों के मन में देश प्रेम और एक-दूसरे के प्रति ऐसा सत्कार देखकर मन अत्यंत प्रसन्न होता है।”दीपावली के दिन ये सभी बच्चे अपने हाथों से सजाए हुए दीपकों को लेकर वृद्धाश्रम जाएंगे, जहां वे बुजुर्गों के साथ दीपक जलाकर दीपावली मनाएंगे और उनके साथ खुशियां साझा करेंगे।
प्रतियोगिता के विजेता:
प्रथम स्थान: आर्ची शुक्ला
द्वितीय स्थान: रुखसार खातून एवं अलीना अहमद
तृतीय स्थान: मोक्षदा चंद्राकर एवं अदिति सोनी
