रायपुर मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने रायपुर–दुर्ग रेलखंड एवं दुर्ग स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्यों का किया विस्तृत निरीक्षण

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने आज जनशताब्दी एक्सप्रेस (रायगढ़–गोंदिया) के माध्यम से रायपुर रेलवे स्टेशन से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक रेलखंड का सघन और विस्तृत निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने रायपुर से दुर्ग तक लोकोमोटिव (इंजन) में यात्रा कर रेल अवसंरचना, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया।इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्टेशन री-डेवलपमेंट एजेंसी के मैनेजर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने चलती ट्रेन में अपने-अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाओं तथा दुर्ग स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की।

मानसून के मद्देनजर संरक्षा और ड्रेनेज सिस्टम पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मानसून के दृष्टिगत आवश्यक सेफ्टी व्यवस्थाओं का कड़ा परीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने विशेष रूप से ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और रेलवे ट्रैक के आसपास जमा होने वाला पानी सुगमता से बाहर निकल सके। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जलजमाव के कारण यात्रियों और रेल परिचालन पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

दुर्ग स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ‘स्टेशन री-डेवलपमेंट योजना’ के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य इस तरह संचालित किए जाएं ताकि रेल परिचालन और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में कोई बाधा न आए। निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित ओवरहेड वाटर टैंक, पार्सल कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, स्टोर-कम-ऑफिस, पार्किंग व्यवस्था, यात्री प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सहित विभिन्न परिसंपत्तियों का बारीकी से अवलोकन किया गया।मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि स्टेशन री-डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत संचालित सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर, उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *