रायपुर (वनांचल न्यूज)। छत्तीसगढ़ बीजेपी की प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार स्मृति ईरानी रायपुर पहुंचीं हैं। छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रभारी का रायपुर एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी स्मृति ईरानी का स्वागत किया, इस दौरान स्मृति ईरानी ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर सियासी हालात की जानकारी ली।

स्मृति ईरानी के पहले छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर संगठन में काफी उत्साह है। 2 दिवसीय दौरे के दौरान स्मृति ईरानी प्रदेश संगठन, जनप्रतिनिधियों, पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों और विचार परिवार के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न बैठकों में शामिल होंगी।
00 स्मृति ईरानी का 2 दिवसीय दौरा
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचीं। उनके इस दौरे को प्रदेश संगठन के साथ परिचय, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
00 भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ स्वागत
एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचने पर स्मृति ईरानी का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश संगठन के नेताओं और पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। स्मृति ईरानी ने भी पार्टी के पदाधिकारियों से मुलाकात कर संवाद किया। प्रदेश प्रभारी के रूप में उनके पहले दौरे के चलते प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और आगामी गतिविधियों को लेकर इस प्रवास को अहम माना जा रहा है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्वागत और मुलाकात के बाद उनके निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों पर सबकी नजर हैं। दौरे के दौरान प्रदेश संगठन के अलग-अलग स्तरों पर काम कर रहे नेताओं के साथ चर्चा का कार्यक्रम तय है।

स्मृति ईरानी के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर राजधानी रायपुर में एयरपोर्ट से लेकर शहर की प्रमुख सड़कों तक भव्य स्वागत रैली निकालने की तैयारी की गई थी। हालांकि, प्रस्तावित भव्य रैली के बजाय उनके स्वागत कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखा गया। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद वह सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
00 प्रदेश संगठन के साथ होगी महत्वपूर्ण बैठक
स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े विभिन्न स्तरों के नेताओं के साथ बैठकें निर्धारित हैं। इनमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा संभाग और जिला स्तर के प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों के माध्यम से प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और आगामी रणनीति से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। दौरे के पहले दिन पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी संवाद निर्धारित है। वहीं, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी इस प्रवास के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल है।
00 विधायक, सांसद और मंत्रियों से भी करेंगी संवाद
स्मृति ईरानी के प्रवास के दूसरे दिन प्रदेश के भाजपा विधायकों और सांसदों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ भी चर्चा की जाएगी। विभिन्न निगमों, मंडलों, आयोगों और बोर्डों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक का कार्यक्रम भी निर्धारित है। इसके साथ ही विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से भी संवाद किया जाएगा. इस व्यापक बैठक कार्यक्रम के जरिए प्रदेश संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा पर जोर रहने की संभावना है।
00 पहले दौरे से प्रदेश भाजपा को क्या संदेश
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का पहला छत्तीसगढ़ दौरा भाजपा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण है. बैठकों में पार्टी के कामकाज की समीक्षा, विभिन्न स्तरों के नेताओं के बीच संवाद और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की संभावना। साथ ही दिवसीय प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों के जरिए प्रदेश संगठन, जनप्रतिनिधियों और विचार परिवार के प्रतिनिधियों के साथ संवाद पर फोकस रहेगा।
