00 ‘सीखने की कोई उम्र नहीं, लक्ष्य बड़ा रखें’: बच्चों को विधायक ने दिया सफलता का मंत्र
00 डायरेक्टर गौरव चंद्राकर की निःशुल्क पहल को सराहा, बच्चों की प्रतिभा देख हुए भावविभोर
बसना (वनांचल न्यूज़)। संस्कार शिक्षण संस्थान, पिथौरा द्वारा आयोजित 40 दिवसीय ‘निःशुल्क मल्टी टैलेंट समर क्लासेस’ का भव्य समापन समारोह शनिवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। समारोह का शुभारंभ विधायक द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
समापन अवसर पर समर कैंप के बच्चों ने 40 दिनों में सीखी गई विभिन्न विधाओं का मनमोहक प्रदर्शन किया। नृत्य, संगीत, कला एवं व्यक्तित्व विकास की प्रस्तुतियों को देखकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल भावविभोर हो उठे। उन्होंने कहा, “बच्चों की रंग-बिरंगी वेशभूषा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने मुझे मंत्रमुग्ध कर दिया। समर क्लासेस में बच्चों ने जो सीखा, उसकी प्रस्तुति वाकई मन को मोह लेने वाली थी।”

संस्थान के डायरेक्टर गौरव चंद्राकर के प्रयासों की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि आज के व्यावसायिक युग में निःशुल्क मल्टी टैलेंट शिविर का आयोजन अत्यंत सराहनीय एवं पुनीत कार्य है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा बाहर आती है और उनमें कुछ नया सीखने की प्रबल इच्छा जागृत होती है। यह मंच बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
बच्चों को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा, “प्यारे बच्चों, आप देश का भविष्य हैं। इन 40 दिनों में आपने जो अनुशासन और हुनर सीखा है, उसे जीवन का हिस्सा बनाएं। सीखना कभी बंद न करें और हमेशा बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। मुझे विश्वास है कि आप अपनी मेहनत से बसना और पिथौरा क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करेंगे।”
समारोह में पिथौरा जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला पंचायत सभापति राम दुलारी सिन्हा, जिला प्रवक्ता भाजपा स्वप्निल तिवारी, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, समर क्लासेस संचालिका सीमा गौरव चंद्राकर, सत्यनारायण अग्रवाल, सीताराम सिन्हा, दुलीकेशन साहू, लोक गायिका पायल साहू, व्यापारी एकता मंच अध्यक्ष गोपाल शर्मा, युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी सौरभ अग्रवाल, मंच संचालक संतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
