रायपुर (वनांचल न्यूज)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित प्रेस क्लब में शनिवार की देर शाम को एक युवक ने हवाई फायरिंग कर दी। इस घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। प्रेस क्लब की सदस्यता को लेकर विवाद के बीच युवक पलाश तिवारी पर पिस्टल से हवाई फायरिंग करने और पदाधिकारियों को धमकाने का आरोप है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्टल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ।

00 सदस्यता विवाद और फायरिंग
प्रेस क्लब परिसर में शनिवार शाम मीडियाकर्मियों, पत्रकारों और अन्य लोगों की नियमित आवाजाही थी। इसी दौरान पलाश तिवारी वहां पहुंचा और सदस्यता को लेकर विवाद करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेस क्लब की सदस्यता हासिल करना चाहता था और सदस्यता नहीं मिलने से नाराज था। विवाद बढ़ने के दौरान आरोपी पर पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग करने का आरोप है। अचानक गोलियां चलने की आवाज से परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
00 प्रेस क्लब के अधिकारियों पर पिस्टल तानने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फायरिंग से पहले आरोपी ने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तानकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इस मामले में कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पलाश तिवारी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर परिसर में पिस्टल से हवाई फायर किया और वहां मौजूद लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
00 शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
प्रेस क्लब पदाधिकारियों की लिखित शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 351(2) में केस दर्ज किया। इसके अलावा पुलिस ने केस में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी है। उसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। 24 घंटे के अंदर आरोपी की गिरफ्तारी हुई।
पिस्टल, खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है। हथियार के लाइसेंस और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति भी जांच का विषय है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, विवाद के दौरान कौन-कौन मौजूद था और फायरिंग से जुड़े अन्य साक्ष्य क्या हैं।
00 सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच जारी
इस केस में विस्तृत विवेचना के लिए पुलिस प्रेस क्लब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटना के क्रम, कथित धमकी और हवाई फायरिंग से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। प्रेस क्लब परिसर में फायरिंग के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी की पुष्टि पुलिस ने की है। सदस्यता विवाद को लेकर सामने आए आरोपों और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
