प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष, छत्तीसगढ़ में एक माह चलेगा सेवा संकल्प अभियान : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

00 जगदलपुर में जलेंगे सवा लाख आशीर्वाद दीये, दो स्थानों पर लगेंगे रक्तदान शिविर : डिप्टी सीएम अरुण साव

जगदलपुर (वनांचल न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज जिला भाजपा कार्यालय, जगदलपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा मनाया जाता था, इस बार शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर इसे सेवा संकल्प अभियान के रूप में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। 7 अक्टूबर को श्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। लगातार 25 वर्षों तक राज्य और देश की सेवा करना अपने आप में अद्वितीय उपलब्धि है।

श्री साव ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री मोदी ने विकास की मजबूत नींव रखी। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में परिवर्तन आया। गरीबों के लिए पक्के मकान, शौचालय, घर-घर पेयजल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया। 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। भारत रक्षा क्षेत्र में आयातक से निर्यातक देश बना है, वैश्विक साख मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ और बस्तर में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान 12 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम होंगे। राज्य, जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित हो चुकी हैं। सभी कार्यक्रमों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

श्री साव ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। जगदलपुर शहर में एक स्थान पर सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और भव्य रंगोली बनाई जाएगी। इसी दिन दो अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे। यह केवल उपलब्धियों को बताने का कार्यक्रम नहीं है, यह प्रत्येक व्यक्ति को सेवा के संकल्प से जोड़ने का व्यापक जनअभियान है।

00 प्रदेश में 12 सेवा संकल्प अभियान चलाए जाएंगे :- 1. आशीर्वाद का दीया 2. मेरे सपनों का भारत 3. नमो सेवा गाथा 4. आंगन मिलन 5. सेवा की कहानी 6. विकसित भारत संकल्प यात्रा 7. सेवा ज्योति कलश यात्रा 8. सेवा मेरा योगदान 9. सेवा सेतु अभियान 10. सेवा के रंग, राष्ट्र के संग 11. सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 12. सुशासन सेवा संवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *