रायपुर (वनांचल न्यूज़)। सीतापुर में नायब तहसीलदार तुषार मानिक और विधायक रामकुमार टोप्पो के मामले को लेकर तहसीलदार संघ ने 1 जून से तहसील में काम बंद कलम बंद का ऐलान किया था। जिसके बाद से तहसील ऑफिस में सन्नाटा पसरा था। तहसीलदार संघ के काम बंद कलम बंद के ऐलान के बाद सोमवार को राजस्व मंत्री के बंगले में पिछले 4 घंटे से राजस्व सचिव के साथ नायब तहसीलदार और तहसीलदारों की बैठक चली। ताकि किसी भी तरह से इस समस्या का समाधान निकले और नायब तहसीलदार, तहसीलदार अपने काम पर लौट सकें। वहीं इस पूरे मामले में राजस्व मंत्री का कहना है कि मेरी तहसीलदार संघ से सीधी बात नहीं हुई है।
00 राजस्व मंत्री ने समाधान की कही बात
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अंबिकापुर जिले के सीतापुर में नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ हुई घटना को लेकर कहा कि देखिए जो सीतापुर की घटना है। नायब तहसीलदार और तहसीलदार संघ की बैठक राजस्व सचिव ले रहे हैं। इसके साथ ही नायब तहसीलदार और तहसीलदारों से मामले में बातचीत की जा रही है। राजस्व सचिव के माध्यम से इस मामले का समाधान निकल जाएगा।राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि अधिकारी कर्मचारी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचने वाले हैं। अब तक जो भी बात या घटना हुई है। उसका समाधान हो जाएगा। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के अधिकारी वे काम पर लौटे। जिससे हमारे सुशासन तिहार और जनता का जो काम है वह ना रुके। लोगों को सुशासन तिहार का लाभ मिलना चाहिए।
00 तहसीलदार संघ से नहीं हुई सीधी बात
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने आगे कहा कि मेरी तहसीलदार संघ से सीधी बात नहीं हुई है। राजस्व सचिव से तहसीलदार और नायक तहसीलदार की मीटिंग चल रही है। बातचीत करके इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। इसके बाद नायब तहसीलदार और तहसीलदार अपने काम पर लौटेंगे। जैसे हमारा एक नारा है सबका साथ सबका विकास सबके साथ न्याय करना है और हम भी चाहते हैं कि तहसीलदार संघ अपने काम पर लौटे। हर आदमी यही चाहता है कि हम जो बने हैं जनता की सेवा के लिए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हम सब अपने कर्तव्यों का पालन करें। ताकि किसी भी आदमी को असुविधा न हो आक्रोश ना हो। यह मेरा मानना है। आज से ही तहसीलदार संघ काम पर लौटेंगे। राजस्व सचिव से चर्चा चल रही है। उसका समाधान निकल जाएगा।
00 गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा संघ
तहसीलदार संघ के प्रदेश अध्यक्ष केके लहरे ने बताया कि सोमवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के बंगले में राजस्व सचिव शम्मी आबिदी के साथ तहसीलदार संघ की लगभग 4 घंटे तक बैठक चली। इस बैठक में तहसीलदार संघ ने विधायक के परिजनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराए गए हैं। जब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक तहसीलदार संघ के द्वारा काम बंद कलम बंद हड़ताल जारी रहेगा।केके लहरे ने बताया कि राजस्व सचिव ने कहा कि FIR हुई है उस पर कार्यवाही जरूर होगी, लेकिन आप लोग हड़ताल समाप्त कर दीजिए। बावजूद इसके तहसीलदार संघ ने इसका विरोध किया। आखिरकार 1 जून से तहसील कार्यालय में काम बंद कलम बंद कर दिया है। जिसका असर तहसील कार्यालय में देखने को मिलेगा। इससे आम जनता के काम भी प्रभावित होंगे। इसका सीधा असर सुशासन तिहार पर भी पड़ेगा। तहसीलदार संघ का केवल यही कहना है कि विधायक रामकुमार टोप्पो के परिजनों की गिरफ्तारी की जाए। उसके बाद ही यह हड़ताल वापस लिया जा सकता है।
