जिले में लागू हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026, विशेष ग्राम सभाओं से मिल रही जानकारी
खुले में कचरा फेंकना व जलाना दंडनीय, उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना
बैकुण्ठपुर (वनांचल न्यूज़)। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में जिले में गांव से शहर तक स्वच्छता अभियान तेज कर दिया गया है। स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए प्रशासन द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
विशेष ग्राम सभाओं से जनजागरूकता
कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में विशेष ग्राम सभा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।इसी क्रम में ग्राम पंचायत तलवापारा में ग्रामीणों को नए नियमों की जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत सचिव राम भजन तिग्गा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर पंचायत स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था मजबूत की जा रही है। यहां महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियां घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करेंगी और ग्रामीणों को गीला व सूखा कचरा अलग रखने के लिए प्रेरित करेंगी।

नियम तोड़ने पर कार्रवाई
सचिव ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत खुले में कचरा फेंकना, कचरा जलाना तथा कचरे का पृथक्करण नहीं करना दंडनीय है। उन्होंने ग्रामीणों से घरों के बाहर गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखने की अपील की। नगर पालिका क्षेत्र से कुछ लोगों द्वारा तलवापारा में कचरा फेंकने की शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई होगी और नियम न मानने पर संबंधित निकाय पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
स्वच्छता में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी
निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में शत-प्रतिशत उपस्थिति की जिम्मेदारी सरपंच, पंच एवं सचिव की होगी। स्थानीय निकायों को घर-घर कचरा संग्रहण, सुरक्षित परिवहन, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी और वैज्ञानिक लैंडफिल व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। कंपोस्टिंग, वर्मी कंपोस्टिंग और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी तकनीकों को बढ़ावा दिया जाएगा।कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के पालन से जिले में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
