रायपुर (वनांचल न्यूज़)। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 1505 लोगों का उपचार किया गया। यह शिविर एमएमआई हॉस्पिटल में आयोजित किया गया, जहां 40 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान की।स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि किरण सिंह देव और श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिंधी काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि शिविर में 1200 से अधिक लोगों ने ब्लड टेस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराई, वहीं बड़ी संख्या में मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयां प्रदान की गईं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि सिंधी काउंसिल द्वारा मानव सेवा का उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और इस प्रकार के शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।शदाणी दरबार तीर्थ के संत युधिष्ठिर लाल ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे आमजन को बड़ा लाभ मिला है।इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, सिंधी पंचायत अध्यक्ष महेश दरयानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

