संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत उरला औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस-उद्यमियों की बैठक आयोजित

रायपुर (वनांचल न्यूज़)।औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं उद्योगपतियों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से थाना उरला क्षेत्रांतर्गत “संवाद से समाधान” कार्यक्रम के तहत उरला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन हॉल में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा एवं उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर की उपस्थिति में संपन्न हुई।बैठक में उरला औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि एवं उरला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में लागू कमिश्नरेट प्रणाली की जानकारी प्रदान करना तथा औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा।बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उद्योगपतियों को कमिश्नरेट प्रणाली के तहत पुलिस के अधिकारों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी मजदूरों एवं कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन कराने, फैक्ट्री अधिनियम एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर न्यूनतम 30 दिनों का फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।इसके अतिरिक्त किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने, नाबालिगों को कार्य पर न रखने, श्रम कानूनों का पालन करने, आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं समय-समय पर आपातकालीन मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।बैठक के पश्चात उद्योगपतियों एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन देते हुए इस पहल की सराहना की तथा औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *