मिक्सर प्लांट हटाने व बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग को लेकर बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहवासियों का शांतिपूर्ण धरना सम्पन्न

रायपुर (वनांचल न्यूज़)।बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित ग्रीन्सविले रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले कॉलोनीवासियों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में शदाणी चौक से कॉलोनी के मुख्य द्वार तक एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुए इस धरने में बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी एवं रहवासी शामिल हुए।

समिति के महासचिव एजाज़ केशर एवं संगठन सचिव राकेश दास वैष्णव ने बताया कि कॉलोनी के समीप संचालित कंक्रीट मिक्सर (क्रशर) प्लांट के कारण क्षेत्र में लगातार भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है, जिससे सड़कों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। साथ ही प्लांट से निकलने वाली धूल एवं प्रदूषण के कारण पर्यावरण प्रभावित हो रहा है तथा रहवासियों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। समिति अध्यक्ष श्री दुबे ने कहा कि कॉलोनी में लगभग तीन हजार से अधिक परिवार निवासरत हैं और हाउसिंग बोर्ड की भूमि का औद्योगिक उपयोग स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्लांट को शीघ्र हटाने की मांग की।

मुख्य मार्ग पर बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग

धरना प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने शदाणी चौक से कॉलोनी के मुख्य द्वार तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर मजबूत एवं ऊंची पक्की बाउंड्री वॉल के निर्माण तथा भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए गर्डर लगाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। बाउंड्री वॉल निर्माण से कॉलोनी की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा अनधिकृत एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगेगी।

अन्य समस्याओं के समाधान की भी उठाई मांग

रहवासियों ने कॉलोनी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की समुचित व्यवस्था, नियमित जल आपूर्ति, साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था, मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने तथा अधूरे डामरीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने की मांग भी की। इसके साथ ही कॉलोनी गार्डन के रखरखाव तथा एलआईजी भवनों के पीछे बाउंड्री वॉल की मरम्मत एवं गेट निर्माण की मांग भी उठाई गई।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कॉलोनी का प्रतिनिधिमंडल हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष, आवास एवं पर्यावरण मंत्री तथा मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराएगा।धरना प्रदर्शन में एस.के. वाहने, आर.सी. सोनी, लावण्य तिवारी, दिलीप शर्मा, राहुल सिंह कुशवाह, राजेंद्र सिंह गौर, प्रदीप उपाध्याय, लक्ष्मीकांत कोसरिया, कुंदन शर्मा, जे.पी. दत्ता, संतोष तिवारी, राजेश द्विवेदी, वीरेंद्र द्विवेदी, अशोक भट्टाचार्य, प्रखर शर्मा, सुशील चंद्रोल, पुष्पेंद्र चौधरी, के.सी. मजूमदार, नीलेश्वर साहू, अनिल पटेल, सौरभ सिंह, कल्पेश टांक, परमाहंस, बारूनाभ घोष, रामास्वामी, सावियो डी कोस्टा, सुकांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच हिमाचल साहू एवं उपसरपंच भागीरथी पांडे भी उपस्थित रहे और उन्होंने रहवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *