रायपुर (वनांचल न्यूज़)। वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में बढ़ते अकेलेपन की समस्या न केवल भावनात्मक स्तर पर, बल्कि उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान गुड़ी योजना’ (डे केयर सेंटर) की परिकल्पना की गई है, जिसका उद्देश्य उन्हें सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सक्रिय वातावरण उपलब्ध कराना है।

छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से समाज कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ आज 30 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र मंडल, रायपुर द्वारा समता कॉलोनी स्थित अपने दिव्यांग बालिका विकास गृह का पुनर्निर्माण कर वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर सेंटर की समुचित व्यवस्था की गई है।
00 योग-व्यायाम के साथ विविध मनोरंजक कार्यक्रम
प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गदर्शिका के अनुसार यह केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग एवं व्यायाम, नाश्ता एवं चाय, मनोरंजन एवं कौशल विकास गतिविधियां, परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं टेली-कंसल्टेशन, समूह चर्चा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निर्धारित समयावधि के पश्चात वरिष्ठ नागरिक अपने-अपने घर लौट सकेंगे।
‘सियान गुड़ी’ योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक आत्मीय, सुरक्षित एवं सक्रिय सामाजिक परिवेश प्रदान करना है, जिससे वे स्वयं को अकेला न महसूस करें और स्वस्थ, सम्मानजनक एवं आनंदमय जीवन व्यतीत कर सकें।
