शिक्षण संस्थानों के आसपास पान दुकानों पर जोन कमिश्नर डॉ दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में नगर निगम की कार्रवाई, गुटखा-सिगरेट के पैकेट जब्त

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन एवं नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश में नगर निगम की नगर निवेश विभाग की टीम ने आज जोन क्रमांक 4 क्षेत्र में संचालित पान दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ कॉलेज, संत कँवरराम स्कूल और हिन्दू हाई स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास स्थित पान दुकानों की जांच की गई। इस दौरान दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए गुटखा, सिगरेट, तंबाकू और पान मसाला जैसे नशे से संबंधित कई पाउच और पैकेट जब्त किए गए।

यह कार्रवाई शासन के कोटपा एक्ट (COTPA Act) के प्रावधानों के तहत नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग के उड़नदस्ता तथा जोन-4 की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

कार्रवाई के दौरान जोन-4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन, गुलाबचंद कर्ष सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम की टीम ने संबंधित पान दुकान संचालकों को शिक्षण संस्थानों के आसपास नशे से संबंधित वस्तुओं की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। साथ ही दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर कोटपा एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *