रायपुर (वनांचल न्यूज़)।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत ज्ञान दान की दिशा में जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है।इसी क्रम में सृजन एकैडमी के संचालक श्री हरीशंकर वर्मा द्वारा सीजीपीएससी, टेस्ट सीरीज, इंटरनेशनल एवं नेशनल करंट अफेयर्स, छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण एवं बजट तथा कंप्यूटर विषय की 200 पुस्तकें जिला प्रशासन को दान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रमाण पत्र एवं प्रेरक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास से जरूरतमंद एवं प्रतिभावान अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 7700 से अधिक पुस्तकें दान की जा चुकी हैं। इन पुस्तकों का लाभ जिले के अनेक विद्यार्थियों को मिल रहा है। यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के सपनों को संवारने और उनके भविष्य निर्माण का संकल्प भी है।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। पुस्तक अथवा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान करने के इच्छुक नागरिक प्रभात सक्सेना (94060 49000) एवं केदार पटेल (94255 02970) से संपर्क कर सकते हैं।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन एवं जिला रोजगार अधिकारी केदार पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

