रायपुर (वनांचल न्यूज़)। नगर निगम रायपुर द्वारा शहर में अवैध पोस्टरबाजी एवं उससे उत्पन्न यातायात बाधा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से पोस्टर लगाने तथा उससे यातायात प्रभावित होने की स्थिति को रोकने के लिए निगम की टीम “प्रहरी” द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।

आयुक्त श्री विश्वदीप ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस विषय पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है और भविष्य में भी अवैध पोस्टर लगाने एवं यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
