रायपुर (वनांचल न्यूज़)। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ एवं कर्मठ अधिकारी आईपीएस प्रखर पांडेय का मंगलवार शाम आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने रायपुर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल रायपुर रेफर किया गया था। अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार प्रारंभ किया, लेकिन हृदयाघात के कारण तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।वर्तमान में आईपीएस प्रखर पांडेय पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। इससे पूर्व वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जैसे संवेदनशील जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके थे, जहां कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।अपने सेवाकाल में उन्होंने बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। वे अनुशासनप्रिय, कर्तव्यनिष्ठ एवं कुशल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनका शांत स्वभाव, स्पष्ट निर्णय क्षमता और सख्त किंतु मानवीय कार्यशैली उन्हें विशिष्ट बनाती थी।आईपीएस प्रखर पांडेय के निधन से छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक अनुभवी और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

