गोढ़ी–तोड़गांव–बड़गांव मार्ग के चौड़ीकरण हेतु ₹2155.97 लाख की स्वीकृति

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। आरंग विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने सड़क विकास की एक बड़ी योजना को स्वीकृति प्रदान की है। लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024–25 के अंतर्गत जिला रायपुर के गोढ़ी–तोड़गांव–बड़गांव मार्ग के 9.00 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए ₹2155.97 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।इस योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण के साथ-साथ आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आवागमन को स्थायी समाधान मिलेगा। इस मार्ग के उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी सुविधाओं से बेहतर रूप से जोड़ा जा सकेगा। साथ ही किसानों को मंडियों तक पहुंच, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक सुविधा तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।यह स्वीकृति कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की सतत पहल और प्रभावी समन्वय का परिणाम बताई जा रही है। इस सड़क परियोजना को आरंग विधानसभा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास को प्राथमिकता ही नहीं, बल्कि प्रतिबद्धता के रूप में आगे बढ़ा रही है। आरंग विधानसभा क्षेत्र में लगातार मिल रही विकास स्वीकृतियां इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार योजनाओं को कागज़ों से निकालकर ज़मीनी स्तर पर उतारने के लिए संकल्पित है।उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अधोसंरचना, सड़क, सिंचाई और जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक नई सौगातें मिलती रहेंगी।
