रायपुर (वनांचल न्यूज़) | रायपुर शहर के शंकर नगर और शक्ति नगर के मध्य स्थित लगभग 40 वर्ष पुराने मंदिर को हटाने के संबंध में नगर निगम द्वारा की जा रही संभावित कार्रवाई को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष व्याप्त है।

इसी विषय पर आज पूर्व पार्षद अमितेश भारद्वाज के नेतृत्व में शक्ति नगर एवं आसपास के क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा से मुलाकात कर अपनी बात रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आग्रह किया कि उक्त मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि वर्षों से क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले वैकल्पिक स्थल की पहचान की जानी चाहिए ताकि स्थानीय नागरिकों की भावनाओं को ठेस न पहुँचे।विधायक श्री मिश्रा ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कहा कि वह इस विषय पर नगर निगम अधिकारियों से चर्चा कर उचित समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक निर्णयों में जनता की आस्था और परंपरा का समुचित ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
इस दौरान बड़ी संख्या में शक्ति नगर के नागरिक उपस्थित रहे तथा उन्होंने विधायक से मंदिर को यथावत बनाए रखने की अपील की।
