रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग : एनएचएआई के सतत रखरखाव से यात्रियों को मिल रही सुगम और सुरक्षित यात्रा

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को बिलासपुर से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग राज्य के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्गों में से एक है। यह मार्ग प्रदेश की वाणिज्यिक, औद्योगिक एवं सामाजिक गतिविधियों की प्रमुख धुरी माना जाता है। यात्रियों की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर नियमित एवं योजनाबद्ध रखरखाव कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।

00 कंसल्टेंट की निगरानी में हो रहा रख-रखाव

एनएचएआई द्वारा बीते वर्षों में इस राजमार्ग पर सड़क की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु नियमित पैचवर्क, ड्रेनेज सफाई एवं रोड मार्किंग जैसे कार्य कराए गए हैं। भारी यातायात के बावजूद इन प्रयासों से सड़क की स्थिति बेहतर बनी हुई है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सहज यात्रा का अनुभव मिल रहा है।

एनएचएआई द्वारा समय-समय पर स्वयं की कंसल्टेंट जांच टीम के माध्यम से सड़कों का तकनीकी सर्वेक्षण भी कराया जाता है। जांच टीम की अनुशंसा पर आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराए जाते हैं। वर्ष 2024-25 में कंसल्टेंट टीम द्वारा 2136 स्थानों पर पैनल रिप्लेसमेंट का सुझाव दिया गया, जिसे समय पर पूर्ण किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2025-26 में 3616 स्थानों पर लगभग 1520 पैनलों का रिप्लेसमेंट पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने हेतु ‘रिस्क एंड कॉस्ट’ शर्तों पर नया टेंडर भी जारी किया गया है।

00 मवेशी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। रायपुर से बिलासपुर के मध्य मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु 20 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं ताकि मवेशियों का सड़क पर प्रवेश रोका जा सके। इसके अतिरिक्त सोलर लाइटिंग, सोलर ब्लिंकर, ट्रांसफर बार मार्किंग एवं चेतावनी संकेतक बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।

00 ब्लैक स्पॉट्स पर अंडरपास और सर्विस लेन का निर्माण

रायपुर–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 11 ब्लैक स्पॉट्स (अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्र) चिन्हित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में निर्बाध और सुरक्षित यातायात के लिए अंडरपास एवं सर्विस रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।00 रिकॉर्ड वृक्षारोपण से ‘ग्रीन कॉरिडोर’ का विकासराजमार्ग को हरित एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से इसे ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 के दौरान अब तक 19,286 पौधों का वृक्षारोपण किया जा चुका है। मीडियन प्लांटेशन में तिकोमा, बोगनवेलिया एवं गुलमोहर जैसे पौधे लगाए गए हैं, जबकि सड़क किनारे नीम, कचनार, अमलताश, पीपल एवं बरगद जैसे छायादार वृक्ष लगाए जा रहे हैं।

00 टोल प्लाजा पर स्वास्थ्य शिविर सड़क

उपयोगकर्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई द्वारा समय-समय पर टोल प्लाजा पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। इन शिविरों में ड्राइवरों एवं यात्रियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच, रक्तचाप परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

एनएचएआई के इन निरंतर प्रयासों से रायपुर–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा न केवल आसान, बल्कि सुरक्षित और सुविधाजनक बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *